Refer to the 12th Class Hindi Book Antra Questions and Answers CBSE Class 12 Hindi Elective Rachana फ़ीचर लेखन to develop Hindi language and skills among the students.

CBSE Class 12 Hindi Elective Rachana फ़ीचर लेखन

फ़ीचर’ का संबंध खबरों से नहीं होता जबकि इन्हें छपने का स्थान अखबारों में ही प्राप्त होता है। ये निबंध से भिन्न होते हैं। किसी पुस्तक को पढ़कर, आँकड़े इकट्ठे करके लेख लिखे जा सकते हैं, पर ‘फ़ीचर’ लिखने के लिए अपने आँख, कान, भावों, अनुभूतियों, मनोवेगों और अन्वेषण का सहारा लेना पड़ता है। फ़ीचर बहुत लंबा नहीं होना चाहिए। लंबा, अरुचिकर और भारी फ़ीचर तो फ़ीचर की मौत है। फ़ीचर को मज़ेदार, दिलचस्प और दिल पकड़ होना चाहिए। लेख लिखना आसान है पर फ़ीचर लिखना उससे कठिन काम है।

‘फ़ीचर’ एक प्रकार का गद्यगीत है जो नीरस और गंभीर नहीं हो सकता। ‘फ़ीचर’ ऐसा होना चाहिए जिसे पढ़कर पाठक का हृदय प्रसन्न हो या पढ़कर दिल में दुख का दरिया बहे। फ़ीचर का महत्त्व इस बात में है कि वह किसी बात को थोड़े से शब्दों में रोचकता और असर से कहे। लेख हमें शिक्षा देता है, फ़ीचर हमारा मनोरंजन करता है। फ़ीचर में हमें अपनी मनोवृत्ति और अपनी समझ के अनुसार किसी विषय का या व्यक्ति का चित्रण करना पड़ता है।

इसमें हास्य और कल्पना का विशेष हाथ रहता है। ‘फ़ीचर’ ऐतिहासिक और पौराणिक भी हो सकते हैं। हर वर्ष होली, दीवाली, दशहरा, मेलों, राखी आदि के अवसर पर पुरानी बातों को दुहराकर फ़ीचर लिखे जाते हैं। इनमें विचारों की एक बँधी हुई परंपरा का निर्वाह किया जाता है। फ़ीचर तो धोबी, माली, खानसामा, घरेलू नौकर, चौकीदार, रिक्शावाला, रेहड़ी वाला, चपड़ासी आदि पर भी लिखे जा सकते हैं। ‘फ़ीचर’ चाहे कैसे हों, उन्हें लिखने के लिए दिल और दिमाग दोनों का प्रयोग होना चाहिए। अच्छा आरंभ और खूबसूरत अंत करने पर फ़ीचर की सफलता निर्भर करती है।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

फ़ीचर के महत्वपूर्ण उदाहरण –

1. गुम होती चहचहाहट

एक समय था जब सुबह-सवेरे नींद चिड़ियों की चहचहाहट से खुलती थी। घर के बाहर लगे शिरीष के घने पेड़ पर तथा दीवार के छेदों में चिड़िया के अनेक घोंसले थे। तरह-तरह के पक्षी रहते थे वहाँ। सुबह – सुबह उन की चहचहाहट से वातावरण संगीतमयी हो जाता था। बीच-बीच में कौवों की काँव-काँव भी सुनाई दे जाती थी पर अब तो बाहर आँगन में या छत पर भी जा कर कहीं नहीं दिखाई देते वे पक्षी जिनके मधुर कलरव को सुनते-सुनते हम बड़े हुए। मानव-सभ्यता जिन पक्षियों के साथ बढ़ रही थी उसे आज पश्चिमी सभ्यता ने हमसे दूर कर दिया। चौड़ी होती सड़कें दोनों ओर किनारे लगे पेड़ों को निगल गईं। वह प्यारी सी भूरी सफ़ेद काली चिड़िया, जिसे हम गौरैया कहा करते थे, जब अपने झुंड में एक साथ चीं-चीं किया करती थी तो हम उसे रोटी के टुकड़े फेंक- फेंक कर अपने नाश्ते में सहभागी बनाया करते थे और वे भी बेखटके उछल उछल कर हमारे पास तक आ जाती थी। पता नहीं अब कहाँ खो गई- दिन भर फुर्र – फुर्र इधर से उधर मुँडेरों पर उड़ने वाली चिड़िया।

वैज्ञानिकों का मनाना है कि जब से मोबाइल का चहुँदिश बोलबाला हुआ है तब से हमारी प्यारी गौरैया की चहचहाहट घुटकर रह गई है। मोबाइल फोन सिगनल की तरंगें वायुमंडल में यहाँ-वहाँ फैली रहती हैं जिस कारण ये नन्हें-नन्हें पक्षी स्वयं को उस वातावरण में ढाल नहीं पाते। इनकी प्रजनन क्षमता कम हो जाती है जिसके परिणामस्वरूप ये धीरे-धीरे सदा के लिए हमारी आँखों से ओझल होती जा रही हैं।

मुझे आज भी याद है अपने बचपन के वे दिन जब हम अपने आँगन के एक कोने में मिट्टी के कटोरे में पानी भरकर रख दिया करते थे। ढेरों चहचहाती चिड़ियाँ चोंच में पानी भर-भर कर पिया करती थीं। कोई-कोई तो पानी में घुस कर पंखों को फड़फड़ा कर डुबकियाँ भी खाती थीं। हमें तो यह देख तब अलौकिक आनंद आ जाया करता था। कभी-कभी वे मिट्टी में उलटी-सीधी होकर, पंखों से मिट्टी उड़ा-उड़ा कर धूल स्नान किया करती थीं। बारिश के दिनों में वे आँगन में कपड़े सुखाने के लिए बाँधी प्लास्टिक की रस्सी पर दीवाली के दीयों की तरह सज कर बैठ जाया करती थीं। कभी- कभी उनके साथ छोटे-छोटे बच्चे भी आया करते थे जिन्हें ये उड़ना सिखाया करती थीं। रात को हमारी माँ हमें सोने से पहले रोज़ वही कहानी सुनाया करती थी – ‘एक थी चिड़िया और एक था चिरैया, जिन में गहराआपसी प्यार था जो आपस में कभी नहीं लड़ते थे।’

अब तो वह मनोरंजक दृश्य आँखों से ओझल हो गया है। उनकी यादें ही रह गई हैं। नई पीढ़ी तो कभी-कभार चिड़िया – घर में उन्हें देख अपने साथ आए बड़ों से पूछा करेगी – ‘वह क्या है ?’ यह आज का बनावटी जीवन पता नहीं हमें अभी प्रकृति से कितना दूर ले जाएगा ? शायद आने वाली पीढ़ी इस चहचहाहट को केवल मोबाइल की रिंग-टोन पर ही सुन पाएगी या फ़िल्मों में ही चिड़िया को चीं-चीं करते देख पाएगी।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

2. क्यों न परहेज़ करें हम पॉलीथीन से

बहुत कुछ दिया है विज्ञान ने हमें सुख भी, दुख भी। सुविधा से भरा जीवन हमारे लिए अनिवार्यता – सी बन गई है। बाज़ार से सामान खरीदने के लिए हम घर से बाहर निकलते हैं। अपना पर्स तो जेब में डाल लेते हैं पर सामान घर लाने के लिए कोई थैला या टोकरी साथ लेने की सोचते भी नहीं। क्या करना है उसका ? फालतू का बोझ। लौटती बार तो सामान उठाकर लाना ही है तो जाती बार बेकार का बोझा क्यों ढोएँ। जो दुकानदार सामान देगा वह उसे किसी पॉलीथीन के थैले या लिफाफे में भी डाल देगा। हमें उसे लाने में आसानी – न तो रास्ते में फटेगा और न ही बारिश में गीला होने से गलेगा। घर आते ही हम सामान निकाल लेंगे और पॉलीथीन डस्टबिन में या घर से बाहर नाली में डाल देंगे।

किसी भी छोटे कस्बे या नगर के हर मुहल्ले से प्रतिदिन सौ- दो सौ पॉलीथीन के थैले या लिफ़ाफ़े तो घर से बाहर कूड़े के रूप में जाते ही हैं। वे नालियों में बहते हुए नालों में चले जाते हैं और फिर वे बिना बाढ़ के मुहल्लों में बाढ़ का दृश्य दिखा देते हैं। पानी में उन्हें गलना तो है नहीं। वे बहते पानी को रोक देते हैं। उनके पीछे कूड़ा इकट्ठा होता जाता है और फिर वह नालियों-नालों के किनारों से बाहर आना आरंभ हो जाता है।

गंदा पानी वातावरण को प्रदूषित करता है। वह मलेरिया फैलने का कारण बनता है। हम यह सब देखते हैं, लोगों को दोष देते हैं, जिस मुहल्ले में पानी भरता है उस में रहने वालों को गँवार की उपाधि से विभूषित करते हैं और अपने घर लौट आते हैं और फिर से पॉलीथीन की थैलियाँ नाली में बिना किसी संकोच बहा देते हैं। क्यों न बहाएँ – हमारे मुहल्ले में पानी थोड़े ही भरा है। पॉलीथीन ऐसे रसायनों से बनता है जो ज़मीन में 100 वर्ष के लिए गाड़ देने से भी नष्ट नहीं होते।

पूरी शताब्दी बीत जाने पर भी पॉलीथीन को मिट्टी से ज्यों-का-त्यों निकाला जा सकता है। ज़रा सोचिए, धरती माता दुनिया की हर चीज़ हज़म कर लेती है पर पॉलीथीन तो उसे भी हज़म नहीं होता। पॉलीथीन धरती के स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। यह पानी की राह को अवरुद्ध करता है, खनिजों का रास्ता रोक लेता है। यह ऐसी बाधा है जो जीवन के सहज प्रवाह को रोक सकता है। यदि कोई छोटा बच्चा या मंद बुद्धि व्यक्ति अनजाने में पॉलीथीन की थैली को सिर से गरदन तक डाल ले फिर उसे बाहर न निकाल पाए तो उसकी मृत्यु निश्चित है।

हम धर्म के नाम पर पुण्य कमाने के लिए गायों तथा अन्य पशुओं को पॉलीथीन में लिपटी रोटी-सब्ज़ी के छिलके, फल आदि ही डाल देते हैं। वे निरीह पशु उन्हें ज्यों-का-त्यों निगल जाते हैं जिससे उनकी आँतों में अवरोध उत्पन्न हो जाता है और वे तड़प-तड़प कर मर जाते हैं। ऐसा करने से हमने पुण्य कमाया या पाप ? ज़रा सोचिए नदियों और नहरों में हम प्राय: पॉलीथीन अन्य सामग्रियों के साथ बहा देते हैं जो उचित नहीं है। सन 2005 में इसी पॉलीथीन और अवरुद्ध नालों के कारण वर्षा ऋतु में आधी मुंबई पानी में डूब गई थी। हमें पॉलीथीन से परहेज़ करना चाहिए। इसके स्थान पर कागज़ और कपड़े का इस्तेमाल करना अच्छा है। रंग-बिरंगे पॉलीथीन तो वैसे भी कैंसरजनक रसायनों से बनते हैं। काले रंग के पॉलीथीन में तो सबसे अधिक हानिकारक रसायन होते हैं जो बार-बार पुराने पॉलीथीन के चक्रण से बनते हैं। अभी भी समय है कि हम पॉलीथीन के भयावह रूप से परिचित हो जाएँ और इसका उपयोग नियंत्रित रूप में ही करें।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

3. वृक्षों की माता थिमाक्का

वृक्ष धरती के शृंगार हैं; जीवन के आधार हैं; हवा-पानी के साधन हैं और हमें तरह-तरह के फल-फूल उपहार में देते हैं। वे हमें देते सब कुछ हैं पर हम से लेते कुछ नहीं। प्रकृति ही उनकी माता है। उन्हें पालती – पोसती है; बड़ा करती है। परमात्मा के द्वारा दिए जाने वाले उपहारों को हम इन्हीं वृक्षों के माध्यम से प्राप्त करते हैं। परमात्मा के द्वारा किसी-न-किसी को प्रेरणा मिलती है और वह सद्कार्यों की ओर आगे बढ़ जाता है। पेड़-पौधों की आधुनिक माता के रूप में सेवा करने का कार्यभार सँभाला है – बैंगलुरु के मगदी तालुका के हुलिकल गाँव की 75 वर्षीय थिमाक्का ने। थिमाक्का घर-गृहस्थी वाली है। वह सम्मानीय वृद्धा है।

वह आयु से वृद्धा अवश्य हैं लेकिन लगन से नहीं। उत्साह का भाव तो कूट-कूटकर भरा हुआ है उसमें। उसे अपनी संतानों से अपार स्नेह है। उसकी संतानें दो-चार नहीं बल्कि सैकड़ों की संख्या में हैं। उसकी संतानें हैं – हरे-भरे पेड़-पौधे। थिमाक्का पूरे ज़िले में वृक्षों की माता के नाम से प्रसिद्ध है। अपनी घर-गृहस्थी की ज़िम्मेदारियाँ पूरी कर उसने अपने पति से सलाह-मशवरा किया और दोनों ने निश्चय कर लिया कि अब वे पेड़-पौधों का पालन-पोषण करेंगे। लगातार बढ़ती आयु में भी उन दोनों ने अथक परिश्रम से 285 पेड़ लगाए हैं। चार किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना और अपनी संतानों को सींचना उन्हें आत्मिक सुख देता है।

उनकी शारीरिक थकान लहलहाती अपनी हरी-भरी संतानों को देख पलभर में दूर हो जाती है। अपने गाँव से दूसरे गाँव की सड़क तक लगे हरे-भरे पेड़ उन्हीं की अनुपम देन हैं। आस-पास के सभी गाँव वाले उनकी सराहना करते हैं और अब उनकी सहायता भी करते हैं। वृक्षों की इस आधुनिक माता ने अपने क्षेत्र में जन-जागृति उत्पन्न कर दी है। उसने नेताओं के समान कोरे भाषण नहीं दिए बल्कि माँ की तरह पौधों रूपी बच्चों को पाल-पोस कर जवान वृक्ष बना दिया है। अब सरकार का ध्यान भी उसकी तरफ़ गया है।

आज उनकी झोंपड़ी के एक कोने में ढेरों पुरस्कार रखे हैं जो उन्हें विभिन्न संस्थाओं, समाज सेवी क्लबों और सरकारों ने दिए हैं। उन्हें नेशनल सिटीजन पुरस्कार और इंदिरा वृक्षमित्र सम्मान भी मिल चुका है पर कोई माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण पुरस्कार पाने के लिए थोड़े ही करती है। थिमाक्का को भो कोई लगाव नहीं इन पुरस्कारों से। वह तो बस अपनी संतान की सुरक्षा चाहती है और अपनी इस उम्र में भी संतान वृद्धि में निरंतर जुटी हुई है। उसे न अपने बुढ़ापे की परवाह है और न निरंतर बढ़ती शारीरिक कमज़ोरी है। उसकी तो बस एक ही मंज़िल है-अपनी संतान को पालना और उनकी रक्षा करना।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

4. रिक्शा….. ओ रिक्शावाले

बड़ी जानी-पहचानी आवाज़ है यह – ‘रिक्शा….. ओ रिक्शावाले’। हर सड़क पर, हर गली-मुहल्ले में और छोटे-बड़े शहर में यह आवाज़ हमें प्रायः सुनाई दे जाती है। कुछ कम दूरी तय करने तथा छोटा-मोटा सामान ढोने के लिए सबसे उपयोगी साधन है रिक्शा – यदि हमारे अपने पास साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, कार आदि न हो तो रिक्शा ऐसा साधन है जो सस्ती की सस्ती और आराम का आराम। इसमें बस एक ही कष्टकारी पक्ष है कि आदमी को आदमी ढोने पड़ते हैं। रिक्शा चलाने वाले का शारीरिक कष्ट सवारियों के सुख का कारण बनता है।

भूख मनुष्य से क्या-क्या नहीं करवाती ? रिक्शा चलाने वालों से बोझा खिंचवाती है। दुबले-पतले, बेकारी की मार को झेलने वाले, अपने और अपने परिवार का पेट भरने के लिए रिक्शा चलाने वाले हर राज्य के हैं पर कुछ विशेष राज्यों के मेहनती लोग अपेक्षाकृत दूसरे संपन्न राज्यों में जाकर यह कार्य बड़ी संख्या में करते हैं। वे वहाँ रहते हैं; दिन-रात मेहनत करते हैं, धन कमाते हैं, कुछ स्वयं खाते हैं और अधिक अपने घरों में रहने वाले को भेज देते हैं ताकि वहाँ उनकी रोटी चल सके। बहुत कम रिक्शावाले अपने परिवारों को अपने साथ दूसरे राज्यों में लाते हैं और सपरिवार रहते हैं। वे कमर कसकर मेहनत करते हैं पर बहुत सीधा-सादा खाना खाते हैं। फटा – पुराना पहनते हैं और पैसा बचाते हैं ताकि अपनों के कष्ट दूर कर सकें। अधिकतर रिक्शा चालकों के पास अपन रिक्शा नहीं होता। वे किराये पर रिक्शा लेकर सवारियाँ ढोते हैं और उनसे पैसे लेते हैं।

हमारी एक मानसिकता बड़ी विचित्र है। घर में जब कोई भिखारी भीख माँगने आता है तो हम अपने परलोक को सुधारने के लिए बिना मोलभाव किए उन्हें कुछ पैसे देते हैं, रोटी-सब्ज़ी देते हैं और कभी-कभी तो पुराने कपड़े भी दे देते हैं। उन्होंने कोई परिश्रम नहीं किया था। वे समाज में निकम्मेपन के प्रतीक हैं। कई हट्टे-कट्टे भिखारी साधू बाबा का वेश धारण कर लोगों को डराते भी हैं और पैसे भी ऐंठते हैं पर किसी भी रिक्शा। में बैठने से पहले हम रिक्शा वाले से चार-पाँच कम कराने के लिए अवश्य बहस करते हैं। उस समय हम यह नहीं सोचते कि ये उन मुफ्तखोर भिखारियों से तो लाख गुना अच्छे हैं। ये परिश्रम करके खाते हैं। यदि उन परिश्रम न करने वालों को हमें दे सकते हैं तो इन परिश्रम करने वालों को क्यों नहीं दे सकते।

सुबह-सवेरे कुछ रिक्शा चालक छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते दिखाई देते हैं। वे बच्चों के साथ कभी बच्चे बने होते हैं और कभी उनके अध्यापक। बच्चे ऊँचे स्वर में गाते जाते हैं, साथ में रिक्शा चलाने वाले भी गाते हैं। वे रोते बच्चों को चुप कराते हैं और शरारती बच्चों को डाँटते-डपटते हुए स्कूल तक ले जाते हैं।

रिक्शा चलाने वालों का जीवन बड़ा कठोर है। कमज़ोर शरीर और शारीरिक श्रम का सख्त काम। बरसात के दिनों में ये स्वयं तो रिमझिम बारिश अपने ऊपर झेलते हैं पर सवारियों को सूखा रखने का पूरा प्रबंध करते हैं। कुछ रिक्शा चालकों का सौंदर्य बोध उनकी रिक्शा से ही दिखाई दे जाता है। तरह- तरह की देवी – देवताओं और फ़िल्मी हस्तियों की तस्वीरें, रंग-बिरंगे प्लास्टिक के रिबन, सुंदर रंग-रोगन आदि से वे अपनी रिक्शा को सजाते – सँवारते हैं और बार-बार उसे कपड़े से साफ़ करते रहते हैं।

कभी-कभार कुछ रिक्शावाले सवारियों से झगड़ा भी कर लेते हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। इससे मानसिक शांति भंग होती है और कार्य में बाधा उत्पन्न होती है।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

5. मेरे स्कूल का माली

मेरे स्कूल का माली है श्रीपाल। लगभग 40-50 वर्ष का दुबला-पतला छोटे कद का श्रीपाल अपनी उम्र से कुछ बड़ा लगता है। अभावों में पला वह खानदानी माली है। कहते हैं कि उसके पिता भी हमारे स्कूल में माली थे और उनके पिता देश की स्वतंत्रता से पहले किसी राजा के राजमहल में यही कार्य करते थे। श्रीपाल पढ़ा-लिखा तो नहीं है पर उसे अपने काम की बहुत अच्छी समझ है। उसकी समझ का परिणाम ही तो मेरे स्कूल में चारों तरफ फैली हरियाली और फूलों की इंद्रधनुषी छटा है कोई भी ऐसा नहीं जो मेरे स्कूल में आया हो और उसने यहाँ उगे पेड़-पौधों और फूलों की प्रशंसा न की हो। श्रीपाल का सौंदर्य बोध तो बड़ी उच्च कोटि का है। उसे रंग- योजना की अच्छी समझ है।

वह फूलों की क्यारियाँ इस प्रकार तैयार करता है कि हरे-भरे घास के मैदानों में तरह-तरह के रंगों की अनूठी शोभा बरबस यह सोचने को विवश कर देती है कि कितना बड़ा खिलाड़ी है रंगों का हमारा माली जो ईश्वर के रंगों को इतनी सोच-समझ कर व्यवस्था प्रदान करता है। उसकी पेड़-पौधों की कलाकारिता स्कूल के प्रवेश-द्वार से ही अपने रंग दिखाना शुरू कर देती है। चार भिन्न-भिन्न रंगों की सदाबहार झाड़ियों से उसने स्कूल का पूरा नाम ऊँचाई से नीचे की ओर ढलान पर इतने सुंदर ढंग से तैयार किया हुआ है कि सड़क से गुज़रने वाले हर व्यक्ति की नज़र उस पर अवश्य जाती है और वह मन ही मन उस कला पर मुग्ध होता है।

प्रायः लोग मानते हैं कि कैक्टस तो काँटों का झुरमुट होते हैं पर श्रीपाल ने स्कूल में कंकर – पत्थरों से रॉकरी बनाकर उस पर कैक्टस इतने सुंदर ढंग से लगाए हैं कि बस उनका कँटीला सौंदर्य देखते ही बनता है। सौ-डेढ़ सौ से अधिक प्रकार के कैक्टस हैं उस रॉकरी में। कई तो फुटबॉल जितने गोल- मटोल और भारी-भरकम हैं। कई मोटे-मोटे तने वाले कैक्टस बड़े ही आकर्षक हैं।

हमारे स्कूल का परिसर बहुत बड़ा है और उस सारे में श्रीपाल की कला फूलों और पौधों के रूप में व्यवस्थित रूप से बिखरी हुई है। श्रीपाल की सहायता के लिए तीन माली और भी हैं पर वे सब वही करते हैं जो श्रीपाल उनसे करने के लिए कहता है। श्रीपाल बहुत मेहनती है। वह सरदी – गरमी, धूप-वर्षा, धुंध – आँधी आदि सब स्थितियों में खुरपा हाथ में लिए काम करता दिखाई देता है।

वह परिश्रमी होने के साथ-साथ स्वभाव का बहुत अच्छा है। उसने स्कूल के सारे विद्यार्थियों को इतने अच्छे ढंग से समझाया है कि वे स्कूल में लगे फूलों की सराहना तो करते हैं पर उन्हें तोड़ते नहीं हैं। वैसे स्कूल प्रशासन ने भी जगह-जगह ‘फूल न तोड़ने’, ‘पौधों की रक्षा करने’ आदि की पट्टिकाएँ जगह-जगह पर लगाई हुई हैं। श्रीपाल सदा स्कूल की ड्रेस पहनता है तथा सभी से नम्रतापूर्वक बोलता है। उसे ऊँची आवाज़ में बोलते, लड़ते-झगड़ते कभी नहीं देखा। वास्तव में ही उसके कारण हमारा स्कूल फूलों की सुगंध से महकता रहता है।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

6. कैसे पहुँचा आइना आप- हम तक

युगों पहले मानव ने जब पानी में पहली बार अपना प्रतिबिंब देखा होगा तो वह हैरान हुआ होगा। उसने अपने आपको भी नहीं पहचाना होगा। उस बिंब को कोई दूसरा मानव समझा होगा। पता नहीं वह उस पर झपटा था या स्नेह से मुसकराया था। धातुयुग के विकास में जब पहली बार उसने किसी धातु को चमकीला बनाया होगा तब उसे उसमें अपना अस्पष्ट-सा प्रतिबिंब दिखाई दिया होगा। यही आइने का पहला रूप रहा होगा। सबसे पहले मिस्रवासियों ने ईसा से लगभग ढाई हज़ार वर्ष पहले सोना-चाँदी जैसी धातुओं को चमकाकर आइने की शक्ल बनाने में सफलता प्राप्त कर ली थी।

तब वे आइनों को सूर्य और माइसनीन देवता का रूप मान कर प्रतीक रूप में इनकी पूजा किया करते थे। ग्रीक-वासियों ने ताँबे और पीतल के सुंदर कलात्मक आइने बनाए। तब तक आइना बहुत मूल्यवान समझा जाता था और इनका उपयोग अति संपन्न लोग ही कर पाते थे। धातु के बने आइनों में कमी यह थी कि उनकी चमक बहुत जल्दी धूमिल हो जाती थी और धातुएँ काली पड़ जाती थीं। ईसा की दूसरी शताब्दी में काले किए गए शीशे का इस्तेमाल आरंभ हुआ पर इसे भी बहुत सफलता नहीं मिली थी।

पंद्रहवीं शताब्दी में धातु के बने आइनों को लकड़ी के फ्रेम में लगाकर दीवारों पर टाँगने का प्रचलन शुरू हुआ था। लेकिन दर्पण का वास्तविक और वर्तमान रूप तो तब सामने आया जब काँच का आविष्कार हुआ था। सोलहवीं शताब्दी में वीनस शहर के लोगों ने सबसे पहले काँच पर पॉलिश कर आइना बनाने में सफलता प्राप्त की थी। उस समय संसार में किसी भी दूसरे देश को आइना बनाने की कला नहीं आती थी।

वीनसवासियों ने सारी दुनिया से इस कला को छिपा कर रखने का पूरा प्रबंध किया था। उन्होंने इस हुनर में दक्ष लोगों को एक अलग टापू पर रखा जहाँ उन्हें हर प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। इस द्वीप पर किसी भी विदेशी का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित था। कारीगर यहाँ दिन-रात काँच पर एक विशेष प्रकार की पॉलिश और लेप से दर्पण बनाने में लगे रहते थे। इस टापू से बाहर जाने का प्रयास करने वालों को मौत दे दी जाती थी।

एकाधिकार होने के कारण वीनस द्वारा काफ़ी ऊँचे दामों पर आइनों का निर्यात किया जाता। तब विश्व के अनेक देश आइना बनाने का फॉर्मूला प्राप्त करने के प्रयास में थे। फ्रांस भी इन देशों में से एक था। उस समय फ्रांस का सम्राट इस दिशा में बहुत अधिक रुचि लेता था। उसने वीनस के उस टापू पर अपने कई जासूस भेजे थे पर वे बहुत प्रयासों और अपार धन-संपदा का लालच देने के बावजूद विफल रहे।

अंत में एक जासूस ने वीनस के नौजवान कारीगर साज गाबरीलों से मित्रता की और दोस्ती की आड़ में उससे आईना बनाने का फॉर्मूला प्राप्त कर लिया। इसके बाद वह भागकर फ्रांस पहुँच गया। जासूस द्वारा लाए गए फॉर्मूले के आधार पर फ्रांस में बड़े पैमाने पर आईने बनाने का काम होने लगा। फ्रांस ने इसका व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया। इसके साथ ही आइना बनाने की कला विश्व के अनेक देशों में पहुँच गई। अब तो दुनिया के लगभग सभी देशों में उच्च कोटि के आइने बनाए और बेचे जाते हैं। ये घरों की शोभा नहीं बल्कि अब तो दैनिक आवश्यकता बन चुके हैं और इन्हें उत्तल – अवतल आदि कई रूप भी दिए जा चुके हैं।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

7. चाँद-तारों को छूने की तमन्ना थी कल्पना चावला की

कौन नहीं चाहता चाँद-तारों को छूना ? माँ की गोद में मचलता नन्हा सा बच्चा भी चाँद को पाने की इच्छा करता है। बड़े-बूढ़ों को भगवान चाँद-तारों के उस पार प्रतीत होते हैं। पर चाँद-तारों को पाना आसान नहीं है, बस हम तो इनकी कल्पना ही कर सकते हैं पर करनाल की कल्पना ने इस कल्पना को साकार करने का प्रयत्न किया था। भले ही वह चाँद-तारे नहीं पा सकी पर उन्हें पाने की राह पर तो आगे अवश्य बढ़ी थी।

प्रायः जिस उम्र में लड़कियों की आँखों में गुड़ियों के सपने सितारों की तरह झिलमिलाते हैं, कल्पना ने आँखों में चाँद-सितारों के सपने सजाना शुरू कर दिया था। अमेरिकी एजेंसी नासा में अपने सहयोगियों के बीच केसी के नाम से प्रसिद्ध कल्पना चावला हरियाणा के करनाल नगर के ऐसे परिवार में जन्मीं जिसका कठिन परिश्रम में अटूट विश्वास था। आँखों में चाँद-सितारों पर जाने के सपने और विरासत में मिली श्रम पर आस्था के दुर्लभ संगम ने उन्हें अंतरिक्ष में जाने वाली भारतीय मूल की प्रथम महिला का खिताब दिला दिया।

हरियाणा के नगर करनाल से कोलंबिया का यह सफ़र न तो आसान था और न ही इसके लिए कोई छोटा रास्ता था। करनाल के टैगोर बाल निकेतन स्कूल से स्कूली शिक्षा, दयाल सिंह कॉलेज से उच्च शिक्षा, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा, टेक्सास यूनिवर्सिटी से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की मास्टर्स डिग्री और कोलराडो यूनिवर्सिटी से फिलॉसफी इन एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की डॉक्टरेट की उपाधि के बीच कल्पना के कड़े संघर्ष की कल्पना की जा सकती है।

कल्पना का काम जितना चुनौती भरा था उसमें उनके पास काम के अतिरिक्त कुछ भी सोच पाने का अवसर बहुत कम था। शायद इसी कारण वह अपने हमपेशा ज्याँ पियरे हैरिसन की तरफ आकर्षित हुईं। विवाह के बाद जब कल्पना ने नासा में नौकरी की तो कैलिफोर्निया में फ्लाइंग प्रशिक्षक के तौर पर काम कर रहे हैरिसन भी अपनी नौकरी छोड़कर उनके सपनों की खातिर उनके साथ चले आए। कल्पना के मित्र बताते हैं कि शादी के बीस वर्ष बाद भी यह युगल निहायत प्रेम भरा जीवन जी रहा था और दोनों को उड़ानों से वापसी के समय रनवे पर एक-दूसरे का बेसब्री से इंतज़ार करते देखा जा सकता था।

कल्पना को भारतीय और रॉक संगीत का बहुत शौक था। चाय पीना, पंछियों की ओर निहारना और पूर्णमासी की रातों में खुले आकाश के नीचे घूमना जैसे शौक उनकी उपलब्धियों के साथ मिलकर उन्हें असाधारण व्यक्तियों के दर्जे में ला खड़ा करते हैं। अंतरिक्ष को अपना घर कहने वाली कल्पना अंतरिक्ष में 376 घंटे व्यतीत कर चुकी थीं। उन्होंने पृथ्वी की कुल 252 परिक्रमाएँ की थीं। जिंदगी और मौत के मात्र 16 मिनट के फासले से विधाता ने अपनी यह अमूल्य धरोहर हमसे वापस ले ली जो उसने मात्र 41 सालों के लिए हमें दी थी। टैक्सास की ज़मीन से दो लाख फीट की ऊँचाई पर जब अंतरिक्ष यान की प्लेटें टूटकर गिरी थीं तो हमारा यह सितारा टूटा और सदा के लिए हमसे बिछुड़ गया।

CBSE Class 12 Hindi Elective रचना फ़ीचर लेखन

8. गायब होती रौनकें

पिछले कुछ दशकों में हमारे देश में आर्थिक परिवर्तन बड़ी तेज़ी से हुए हैं। इसका प्रभाव जन-सामान्य पर पड़ा है। घरों के अंदर एक क्रांति आई है, जो सुख-सुविधाएँ पहले राजाओं को नसीब नहीं थीं, अब आम आदमी के बूते में हैं। औरतों के लिए तो नई तकनीक चमत्कार है क्योंकि जहाँ पुरुषों का बाहर का काम लगभग वैसा ही रहा है, औरतों का घर में काम बहुत सरल हो गया है। पर सुखों के बावजूद अब चेहरों पर से रौनक गायब हो गई है। शहर हो या गाँव उनका प्रबंध बिगड़ रहा है। बढ़ते मकानों, बढ़ती आबादी, बढ़ते वाहनों और घरों तक सेवाएँ पहुँचाने के चक्कर में शहरों का कबाड़ा होना शुरू हो गया है।

कल तक आपको अपने शहर की जो सड़क अच्छी लगती थी, जो नदी कलकल करती मोहक लगती थी, जो बाग महकता रहता था अब या तो रहा ही नहीं या खराब हो गया है। सड़कें चौड़ी होनी थीं इसलिए पटरियों और उन पर लगे पेड़ काट दिए गए। जहाँ पेड़ों की छाया और चिड़ियाँ होती थीं वहाँ बिजली, टेलीफ़ोन और तरह-तरह की तारों के गुच्छे नज़र आते हैं। बागों में घास की जगह पक्के फर्श बन गए। शहरों में मिट्टी तो ईंटों-पत्थरों के नीचे छिपती ही चली जा रही है। कंकरीट के जंगल खड़े होते जा रहे हैं।

प्रकृति के नाम पर कैक्टस के गमले रह गए अगर कोई सुंदर भवन थे तो वे विज्ञापन बोर्डों से ढक गए। गलियों तक में चलना दूभर हो गया क्योंकि वे स्कूटरों, साइकिलों से भरी रहती हैं। जिन शहरों में कूड़ा उठाने का सही प्रबंध नहीं वहाँ तो जीवन नर्क में रहने जैसा हो गया है। घर अच्छा तो क्या, बाहर तो गंद ही गंद। अमेरिकी आर्किटेक्ट क्रिस्टोफर चार्ल्स बेर्नीयर की तो शिकायत है कि अब मकानों को इस तरह दीवारों में बंद किया जा रहा है मानो हर कोई दूसरे से भयभीत हो। हम सब चूहे के बिलों की तरह अपने चारों ओर दीवारें खड़ी करते जा रहे हैं।

यह भय अब शहर की सड़क से घुसकर कमरों में पहुँचने लगा है। अच्छा घर भी बंद कमरों वाला होने लगा है। एअरकंडीशनर की दया से हर व्यक्ति अपने दरवाज़े बंद रखता है। सड़क पर गाड़ी, बंद दफ़्तर पर शीशे के दरवाज़े, दुकान में घुसने से पहले परिचय पत्र दिखाओ यानी हर व्यक्ति अपनी ही कैद में है।

इस कैद ने ही रौनक छीनी है। मानसिक तनाव, अकेलापन लगातार बढ़ रहा है। हर शहर में लाखों लोग बिलकुल अकेले हैं। शहर का आर्किटेक्चर, उसका प्रबंध, उसकी भागदौड़ ऐसी है कि हर कोई दूसरे से अकेले मिलने से भी कतरा रहा है। यह दुनिया को कहाँ ले जाएगा उसकी कल्पना आज नहीं की जा सकती है पर समझा जा सकता है।

इसका हल यही है कि हम बराबर चाले का हाल पूछें, उसके दुखदर्द में सम्मिलित हों। शहर के साथ होने वाले छल का विरोध करें, घर से आज़ादी पाएँ। शहर आपके लिए हो, आप शहर के लिए। चलिए बराबर वाले दरवाज़े को थपथपाइए शायद मुसकराता चेहरा मिल जाए। जब तक हम स्वयं पहल नहीं करेंगे तब तक पराए हमारे अपने नहीं हो सकते। किसी पराए को अपना बनाने के लिए हमें उन्हें अपना बनाना होगा। संवादहीनता अभिशाप है। सब से मिलो तभी गायब होती रौनकें फिर से लौटेंगी।